हरदोई। प्रधान का रिश्तेदार खेत पर काम कर रहे मज़दूरों के लिए खाना ले कर गया था, वहीं उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव देख कर वहां सनसनी फैल गई। इसका पता होते ही एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह और सीओ हरपालपुर सत्येन्द्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे, पुलिस सारे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

बताया गया है कि अतरौली थाने के जगसरा गांव निवासी 25 वर्षीय नारायण पुत्र अनिल करीब आठ साल से अपने बहनोई लालू राठौर के गांव बरवन थाना लोनार में रह रहा था। लालू के पिता रामवीर सिंह मझिगवां कुलिया के प्रधान है। लालू का भाई लटूरी अपने पिता के प्रतिनिधि के तौर पर कामकाज देखता है, नारायण भी उसके साथ रहा करता था। बुधवार की रात को नारायण खेत में काम कर रहे मज़दूरों के लिए खाना ले कर गया हुआ था। उसके बाद वापस नहीं लौटा, घर वालों ने समझा नारायण वहीं खेत में रुक गया होगा।

गुरुवार की सुबह खेत से करीब 200 मीटर दूर दूसरे खेत में नारायण का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। इसका पता होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। नारायण की शर्ट और उसके जूते उतरे हुए थे, सीने में बाईं तरफ गोली लगी हुई थी। हत्या की खबर सुनते ही एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह और सीओ हरपालपुर सत्येन्द्र कुमार सिंह वहां पहुंच गए। वारदात से जुड़े पहलुओं पर गहराई से गौर किया और खेत पर काम कर रहे मज़दूरों के अलावा दूसरे लोगों से पूछताछ की गई। इस बारे में एएसपी पश्चिमी श्री सिंह ने बताया है कि कुछ चीज़ें मामला संदिग्ध होने की तरफ इशारा कर रहीं हैं। फिलहाल जांच की जा रही है, जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post