हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र में हुई पोल्ट्री फार्म मालिक की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। प्रेम प्रसंग में छींटाकशी करने पर तीन आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। विगत 28मई को मुर्गी फार्म के बाहर शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर मामला दर्ज कर नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मल्लावां थाना क्षेत्र के गांव करवा में पोल्ट्री फार्म मालिक रामासरे का शव मुर्गी फार्म पर पड़ा मिला था। विगत 28मई को छत विछत अवस्था में शव मिलने से गांव समेत इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के बेटे ओमेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के विपिन,माधुरी,नीलम,शिव सिंह,रामनिवास व अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को जांच में पता चला कि हत्या में दो नामजद आरोपी समेत तीन लोग शामिल थे। जिसमें पुलिस ने आज मगरहा मोड़ से हत्या के नामजद आरोपी शिव सिंह,विपिन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी विपिन शुक्ला का रिश्तेदार फरार है। पूछताक्ष में गिरफ्तार किए गए आरोपियों शिव सिंह व विपिन शुक्ला ने बताया कि वह दोनों तीन वर्षों से दोस्त है। उनका एक दूसरे के घर तक आना जाना था। इसी बीच शिव सिंह का विपिन की बहन से प्रेम प्रसंग हो गया। जिसका विरोध पड़ोस में रहने वाले रामासरे ने किया और उनके परिवार पर छींटाकशी की थी। इसी के चलते दोनों के बीच पूर्व में विवाद हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए शिव सिंह और विपिन शुक्ला ने प्लान बनाया। फिर विपिन शुक्ला ने अपने एक अन्य रिश्तेदार जिसका मृतक रामासरे से तीन वर्ष पूर्व विवाद हुआ था। उसको लेकर विगत 27मई की रात तीनों ने मुर्गी फार्म पर सो रहे रामासरे पर ईंट से हमला कर दिया। जब तक रामासरे की मौत नहीं हो गई, तब तक वह सिर और चेहरे पर वार करते रहे। जिसके बाद वह भाग गए। इस दौरान उन्होंने रामासरे के मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त ईंट को सुनसान स्थान पर झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट और मोबाइल बरामद किया है।

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मल्लावां थाना क्षेत्र में हुए मर्डर का पुलिस ने खुलासा किया है। जिसमें नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य आरोपी फरार चल रहा है। जिसको जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा। प्रेम प्रसंग में छींटाकशी को लेकर विपिन शुक्ला,शिव सिंह और एक अन्य ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post