हरदोई। हरदोई के शाहाबाद थाना क्षेत्र के उधरनपुर में गन्ने के खेत में एक महिला का शव पड़ा मिला। जिसकी पहचान सेहरामऊ थाना क्षेत्र के सूरतपुर निवासी चांदनी के रूप में हुई है। जिसमें पति समेत 5 लोगों पर हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप है। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना स्थल  पर जांच करती पुलिस 

बताया गया कि शाहजहांपुर जनपद के सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के ग्राम सूरतपुर की रहने वाली 20 वर्षीय चांदनी का विवाह जनपद सीतापुर के ग्राम चांदपुर में प्रवेश के साथ एक वर्ष पूर्व हुआ था। चांदनी सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र का मेला देखने के लिए अपने मायके आई थी। पति को घर पर छोड़ कर सोमवार को चांदनी मेला देखने गई। मृतका की मां फूलमती के अनुसार चांदनी दो लड़कों के साथ झूला झूल रही थी। मेले में अचानक पहुंचे उसके पति ने गैर लड़कों के साथ में झूला झूलते हुए अपनी पत्नी को देखा तो नाराज हुआ और झूला रुकवा दिया। झूला रुकते ही चांदनी के साथ झूला झूल रहे लड़के कूदकर भाग गए। पति प्रवेश चांदनी को घर लाया। मायके में ही प्रवेश ने चांदनी को गाली गलौज कर पीटा। जिसके बाद वह पत्नी को अपने घर लाने के बहाने ससुराल से लेकर आया।

गन्ने के खेत में पड़ा महिला का शव

फिर मंगलवार की दोपहर बाद उधरनपुर मोहल्ले के एक गन्ने के खेत में चांदनी का शव बरामद हुआ। कुछ लोग खेतों में जानवर चरा रहे थे। उन्होंने महिला का शव देखा तो तत्काल गांव वालों को सूचना दी। मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हुई तो कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर आनन-फानन में प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की मां फूलमती ने दामाद प्रवेश एवं पांच अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। 

मौके पर पहुंचे एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि उधरनपुर में सड़क के किनारे खेतों में एक महिला की डेड बॉडी मिली है। जोकि सेहरामऊ थाना क्षेत्र के सूरतपुर की रहने वाली महिला की है। जिसमें पति समेत अन्य पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई की जायेगी।


दुर्गेश कुमार सिंह एएसपी पश्चिमी

Post a Comment

Previous Post Next Post