संडीला\हरदोई। संडीला में बर्जर पेंट्स की नई इकाई का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। फैक्ट्री परिसर में स्थित हाल में राज्यमंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष  प्रेमावती पीके वर्मा, सांसद मिश्रिख अशोक रावत, सदस्य विधान परिषद  अशोक अग्रवाल, विधायक संडीला अलका सिंह अर्कवंशी, विधायक बालामऊ रामपाल वर्मा, विधायक सवायजपुर माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सौरभ मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, उपजिलाधिकारी सौम्या मिश्रा व अन्य अधिकारीगणों एवं गणमान्य नागरिकों ने उदघाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा। 

मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर बर्जर पेंट्स की नई इकाई का उदघाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक समय निवेश शब्द सुनकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का नाम दिमाग मे आता था। आज प्रदेश के सभी क्षेत्रों में निवेश हो रहा है। आज संडीला में बर्जर पेंट्स की नई इकाई की शुरुआत इसका जीता जागता उदाहरण है। बर्जर की ओर से एक हजार करोड़ से अधिक के निवेश से हरदोई जनपद तेजी से आर्थिक विकास करेगा। रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राज्यमंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी ने कहा कि अच्छी कानून व्यवस्था और उद्योग प्रेरक माहौल होने के कारण निवेश लगातार जनपद में निवेश के लिए आकर्षित हो रहे हैं। 

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि आज इतनी बड़ी औद्योगिक इकाई का शुरू होना जनपद के लिए गौरव की बात है। सांसद मिश्रिख ने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन को जनपद में उद्योग अनुकूल वातावरण के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इकाई की स्थापना से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। सदस्य विधान परिषद ने कहा कि जिला प्रशासन की कार्यकुशलता एवं सर्वसुलभता से जनपद में उद्योगों के अनुकूल माहौल बना है। विधायक संडीला अलका सिंह अर्कवंशी ने इस नई औद्योगिक इकाई को संडीला के लिए एक सौगात बताया। विधायक बालामऊ रामपाल वर्मा ने कहा कि इस औद्योगिक इकाई की स्थापना से न केवल संडीला बल्कि जनपद व पड़ोसी जनपद के लोग भी लाभान्वित होंगे। 

विधायक सवायजपुर माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि इतनी बड़ी इकाई की स्थापना से अन्य निवेशक भी जनपद में निवेश के लिए प्रेरित होंगे। जिलाध्यक्ष भाजपा ने कहा कि अच्छी कानून व्यवस्था से लोग लगातार निवेश के लिए आकर्षित हो रहे हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि 37 एकड़ क्षेत्रफल में फैली बर्जर पेंट्स की इकाई की स्थापना से जनपद में तीव्र औद्योगिक विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में हमारी जनपद की टीम निरंतर सक्रिय है। जनपद में नए उद्योगों की स्थापना के लिए लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है। प्रशासन उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Post a Comment

Previous Post Next Post