हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कस्बा शाहाबाद निवासी विशाल गुप्ता ने डीएसपी पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। विशाल गुप्ता डिप्टी एसपी बनेंगे। इस पद के लिए उनका 49वीं रैंक है। हालांकि उन्होंने चौथे प्रयास में 49वीं रैंक हासिल की है। डिप्टी एसपी के पद पर चयन होने से शाहाबाद नगर समेत जिले में खुशी की लहर है।

आपको बताते चलें कि विशाल गुप्ता शाहाबाद नगर के मोहल्ला चौक निवासी किराना कारोबारी बृजेश गुप्ता  का बेटा है। बृजेश गुप्ता और किरन गुप्ता की चार संतानों में विशाल गुप्ता सबसे बड़ा बेटा है। उसके बाद वैभव, शिवानी, ऐश्वर्या और यश हैं। विशाल बताते हैं पिताजी का संघर्ष और माता जी का त्याग उन्हें डीएसपी के मुकाम तक ले गया। अपने पिताजी के संघर्ष को देखकर विशाल को काफी दुख होता था। विशाल ने मन ही मन में कुछ कर गुजरने की ठान रखी थी। उसी का परिणाम है कि मेहनत करके विशाल डीएसपी जैसे प्रमुख ओहदे पर पहुंचा। विशाल गुप्ता ने डीएसपी बनकर युवाओं को एक संदेश दे दिया कि अगर मन में लगन और संघर्ष करने की क्षमता है तो पैसा कोई मायने नहीं रखता। डीएसपी बने विशाल गुप्ता को बधाई देने का सिलसिला तेजी के साथ चल रहा है। विशाल के इष्ट, मित्र नाते, रिश्तेदार विशाल को उसकी उपलब्धि पर बधाई देने के लिए उसके घर पहुंच रहे हैं। भाजपा नेता एवं पालिका अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार सुनील कुमार गुप्ता ने विशाल के आवास पर पहुंचकर माल्यार्पण कर विशाल गुप्ता का स्वागत किया। 

इस मौके पर सुनील गुप्ता ने कहा विशाल ने डीएसपी जैसे पद पर सेलेक्ट होकर वैश्य बिरादरी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। वैश्य बिरादरी के लोगों को विशाल के माता-पिता से और विशाल से प्रेरणा लेनी चाहिए। विशाल के माता-पिता ने अभाव में रहते हुए अपने पुत्र को डीएसपी जैसे पद तक पहुंचाया। यह काफी सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा सभी माता-पिता अपने बच्चों को शिक्षित करने पर विशेष जोर दें। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा विशाल से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करें। विशाल ने बताया कि उसने चौथे प्रयास में 49वीं रैंक हासिल की है। वह शाहाबाद नगर से ग्रेजुएशन की पढ़ाई करके तैयारी करने चला गया। जिसके बाद उसने यूपीएससी और यूपीपीसीएस की तैयारी की। जिसमें उसने चौथे प्रयास में यह स्थान हासिल किया है। डिप्टी एसपी के पद पर चयन होने से विशाल समेत उसके परिजनों में खुशी की लहर है। इस मौके पर अभिषेक गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, गोपाल गुप्ता, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post