हरदोई। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बाल विवाह की निगरानी एवं रोकथाम हेतु गठित जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि बालश्रम को रोकने हेतु श्रम विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति व किशोर पुलिस इकाई के समन्वय से अप्रैल 2023 से अभियान चलाया जाए। नवीन ब्लॉक, वार्ड एवं बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों का गठन कर प्रशिक्षण करा लिया जाए। 

बाल संरक्षण एवं किशोर/किशोरी सशक्तीकरण हेतु जनपद स्तरीय कार्ययोजना तैयार कर गंभीरता से प्रयास किये जायें। समस्त विद्यालयों के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम हेतु बच्चों एवं उनके अभिभावकों को जागरूक किया जाए। जनपद के समस्त थानों पर तैनात बाल कल्याण अधिकारियों की बाल विवाह रोकने हेतु जिम्मेदारी तय की जाए। बाल विवाह की रोकथाम व जनजागरूकता हेतु पंचायत राज विभाग के द्वारा ग्राम प्रधानों को जागरूक किया जाए। इस अवसर पर पीडी गजेन्द्र तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अलका गुप्ता व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post